Friday, March 5, 2010

Jagran - Yahoo! India - होली के हुड़दंग में अटकी पुलिस की सांसें

  • tags: no_tag

    • Feb 28, 11:33 pm
    • बरेली।
    • होली के हुड़दंग में कुछ खुराफातियों ने शहर की फिजा खराब करने की कोशिश की लेकिन कामयाब नहीं हो सके। मामूली झड़पें भी हुईं लेकिन हर बार की तरह अमन पसंद लोग दीवार बनकर सामने आ गए। पुलिस भी सख्ती से पेश आई और शहर का माहौल खराब करने वालों को जमकर सबक सिखाया। नावल्टी चौराहा पर लाठी चार्ज भी किया, जिससे काफी देर तक राम बारात रुकी रही। हजियापुर में विवाद के दौरान एक महिला चोटिल हुई, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

      हुड़दंगी हुरियारों पर बरसी लाठियां

      बरेली : सुबह बड़ी वमनपुरी से राम बारात शुरू हुई तो सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे। हुरियारे नाच गा रहे थे। इसी दौरान कुतुबखाना पर कुछ हुड़दंगियों ने सड़क पर लगे बैनर आदि फाड़ने शुरू कर दिए। इसको लेकर दूसरे पक्ष ने आक्रोश जताया। हांलाकि, यहां बात को तुरंत ही रफा-दफा कर दिया गया।

      करीब 12.30 बजे राम बारात नावल्टी चौराहा पहुंची। यहां भी भीड़ में शामिल कुछ खुराफाती फिर सक्रिय हो गए। उन्होंने चौराहे पर लगे पोस्टर, बैनर और होर्डिग पर रंग फेंकना शुरू कर दिया। लाठी डंडों से दुकानों के शटर पीटने लगे, जिसे देखकर दूसरे पक्ष के लोग भड़क उठे। दूसरा पक्ष खुराफातियों के जबाव में बवाल शुरू करता। उससे पहले राम बारात में साथ चल रहे सीओ प्रथम एके सिंह, कोतवाल धर्मेद्र चौहान ने फोर्स से खुराफातियों को सबक सिखाने के निर्देश दिए। फरमान मिलते ही फोर्स ने हुड़दंगी हुरियारों पर जमकर लाठी फटकारी, जिससे भगदड़ मच गई। चार लोगों को हिरासत में ले लिया। यह देख राम बारात में शामिल बाकी हुरियारे भी भड़क उठे और इकट्ठा होकर कोतवाली जा धमके। नारेबाजी करने लगे। विवाद बढ़ता देख सांसद प्रवीण सिंह ऐरन ने गिरफ्तार हुरियारों को छुड़वाया। उसके बाद ही बारात आगे बढ़ी।

      हजियापुर में बवाल, महिला को पीटा

      बरेली : मॉडल टाउन पुलिस चौकी के पास होली खेलने को लेकर बवाल हो गया। करीब तीन बजे यहां कुछ परिवार रंगबाजी कर रहे थे। इसी दौरान कुछ छींटे दूसरे पक्ष के एक बच्चे पर पड़ गए। यह लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। दूसरे पक्ष के सैकड़ों लोग इकट्ठा होकर पहुंच गए और पथराव की कोशिश की। चौकी घेर ली। इस बीच दो युवकों ने रंग से सराबोर एक महिला को घेर लिया और उसे जमकर पीटा। मारपीट में महिला बुरी तरह लहूलुहान हो गई और हमलावर फरार हो गए। सूचना पर तुरंत ही सीओ तृतीय डा. एसपी सिंह, इंस्पेक्टर बारादरी सीपी सिंह फोर्स के साथ पहुंचे और भीड़ पर लाठी चार्ज किया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपी युवकों को गिरफ्तार किया है। घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लोगों का आरोप है कि होली पर अक्सर ही मुहल्ले को कुछ लोग जानबूझकर विवाद खड़ा करते हैं।

      किला में भड़का विवाद, जाम की कोशिश

      बरेली : शाम करीब पांच बजे राम बारात किला चौकी क्षेत्र में पहुंची। सबकुछ ठीकठाक था। चूंकि, दूसरे पक्ष ने जुलूस को लेकर सड़क किनारे सजावट कर रखी थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने चिल्लाना शुरू कर दिया कि सजावट तोड़ डाली। सजावट तोड़ डाली..। यह सुनकर किला में आक्रोश भड़क उठा। बड़ी संख्या में दूसरे पक्ष के लोग जमा हो गए और सड़क पर जाम लगा दिया। राम बारात भी अपनी जगह ठिठक गई। हालात बिगड़ता देख पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। सीओ सेकेंड राजकुमार और इंस्पेक्टर मुईन अहमद ने लोगों को समझाया मगर वह नहीं माने। एक व्यापारी ने आरोप लगाया कि उसकी दुकान लूट ली। काफी देर तक गहमागहमी चलती रही। आखिर में समझौते के बाद लोग माने।


Posted from Diigo. The rest of my favorite links are here.